बड़ी खबरें
Trending

भोपाल में 230 महिलाओं का स्वरोजगार प्रशिक्षण पूरा : 80 महिलाओं के लोन स्वीकृत

Vishal Choyal

3 weeks ago 196 views
80 महिलाओं के लोन स्वीकृत

भोपाल। 25 अक्टूबर 2026। विदिशा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत विदिशा, सीहोर, देवास और रायसेन जिलों की कुल 230 महिलाओं ने स्वरोजगार प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अवसर पर 24 अक्टूबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल स्थित सेज यूनिवर्सिटी में आयोजित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही, स्वरोजगार शुरू करने के लिए योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृत किए गए।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटियों ने 35 दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरा कर स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का सराहनीय प्रयास किया है।

प्रशिक्षण के बाद 80 महिलाओं के ऋण स्वीकृत

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं के हुनर को निखारकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना और आर्थिक रूप से सक्षम बनाना इस पहल का उद्देश्य है। सिलाई और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में विदिशा संसदीय क्षेत्र के चार जिलों—विदिशा, सीहोर, देवास और रायसेन की कुल 230 महिलाओं ने प्रशिक्षण पूरा किया।

उन्होंने कहा कि बहनों और बेटियों को स्वरोजगार शुरू करने तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ऋण स्वीकृत किए गए हैं, ताकि वे अपना काम शुरू कर सकें। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दूसरा प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 अक्टूबर से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

परिवारों को आजीविका से जोड़ना: समृद्ध गांव अभियान

इस अवसर पर मंत्री चौहान ने कहा कि गांवों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आजीविका संबंधी गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

उन्होंने कहा कि समृद्ध गांव अभियान के माध्यम से कमजोर परिवारों को आजीविका से जोड़ने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

मंडीदीप में स्किल सेंटर शुरू करने की पहल पर विचार

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि मंडीदीप में स्किल सेंटर शुरू करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में फैक्ट्रियां हैं। ऐसे में औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ रोजगार पाने के लिए जरूरी कौशल भी मिलना चाहिए। इसके लिए कोचिंग सेंटरों को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।

भोपाल में स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रमाण पत्र के साथ शिवराज सिंह चौहान के साथ मंच पर खड़ी महिलाएं, महिला समूह ने भेंट किया पौधा।

बेहतर फसल उत्पादन के लिए आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और प्रशिक्षण देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को दूसरे राज्यों में खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने के लिए भेजा जा रहा है, ताकि वे नई तकनीकों को अपने खेतों में अपनाकर बेहतर फसल उत्पादन कर सकें।

उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने के साथ ही एक-एक एकड़ में प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) भी कराया जाएगा। इससे बेहतर कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिल सकेगा।

मंत्री चौहान ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान उन्नत खेती की तकनीक सीखने वाले किसान अपने गांव में मास्टर ट्रेनर बन सकते हैं। उनके अनुभव का लाभ लेकर अन्य किसान भी बेहतर खेती कर सकते हैं।

बेटियों का भविष्य सुरक्षित करेगी सुकन्या समृद्धि योजना

केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुकन्या समृद्धि योजना महत्वपूर्ण है। हालांकि, जानकारी के अभाव और आर्थिक समस्याओं के कारण कई परिवार अपनी बेटियों के खाते नहीं खुलवा पाए हैं। कुछ परिवारों के लिए खातों में नियमित राशि जमा करना भी मुश्किल होता है।

उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में किए गए विश्लेषण के आधार पर लगभग 86 हजार ऐसी बेटियों की पहचान की गई है, जिन्हें योजना से जोड़ने का प्रयास किया जा सकता है। इनमें से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 हजार बेटियों का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत विभिन्न माध्यमों से सहयोग जुटाकर बेटियों के खातों में पहली किस्त के रूप में 1,000 रुपये जमा कराने का विचार है। इससे परिवारों को योजना से जुड़ने और नियमित रूप से राशि जमा करने की शुरुआत करने में मदद मिल सकती है। भविष्य में इस राशि से बेटियों की पढ़ाई-लिखाई और अन्य जरूरतों के लिए धन उपलब्ध हो सकेगा।

शेयर करें