बरूड टांडा में अतिक्रमण की शिकायत पर पहुंचा प्रशासन : अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
Vishal Choyal
खरगोन। 18 नवंबर 2026। ग्राम बरूड टांडा में प्राचीन बावड़ी और स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 3 नवंबर 2026 को खरगोन कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। शिकायत के बाद मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर संबंधित स्थल का निरीक्षण किया और ग्राम पंचायत को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में प्राचीन बावड़ी के साथ स्वास्थ्य विभाग की लगभग एक एकड़ जमीन है। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाली जमीन पर ग्राम कोटवार कुंदन और उनके परिवारजनों ने कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित लोग जमीन से कब्जा हटाने को तैयार नहीं थे। इस संबंध में ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही कलेक्टर कार्यालय में भी ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर मंगलवार को खरगोन तहसीलदार रवींद्र चौहान और जनपद पंचायत सीईओ संदीप मुजाल्दे जनपद पंचायत के कर्मचारियों के साथ ग्राम बरूड टांडा पहुंचे। अधिकारियों ने अतिक्रमण वाले स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायतकर्ताओं और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
नियमानुसार कार्रवाई के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रवींद्र चौहान ने ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि आबादी क्षेत्र से संबंधित प्रावधानों और नियमानुसार अतिक्रमण हटाने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई से प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, सहायक सचिव, पंचगण एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। मौके पर मामले को लेकर पंचनामा भी तैयार किया गया तथा आगे की कार्रवाई के लिए ग्राम पंचायत को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार, कब हटेगा अतिक्रमण?
प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण और निर्देशों के बाद अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि ग्राम पंचायत नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की दिशा में कब तक कदम उठाती है और ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट
