बड़ी खबरें
Trending

निमाड़ में घुटना प्रत्यारोपण परीक्षण शिविर : 174 मरीजों को मिला लाभ

Vishal Choyal

1 day ago 79 views
174 मरीजों को मिला लाभ

खरगोन। 17 नवंबर 2026। निमाड़ क्षेत्र में घुटनों की समस्या से पीड़ित मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से मंगलवार को संजय मिश्र गार्डन में घुटना प्रत्यारोपण शिविर परीक्षण का आयोजन किया गया। निमाड़ महासंघ विकास समिति एवं यूनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परीक्षण शिविर में 174 मरीजों ने लाभ लिया। यह पहल स्वस्थ, शिक्षित, स्वच्छ, स्वावलंबी एवं समृद्ध निमाड़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मानवीय प्रयास रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, डॉ. प्रमोद नेमा एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

174 मरीजों के इलाज में 2.69 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान

शिविर में कृष्णकांत रोकड़े ने बताया कि इस पहल का लाभ आयुष्मान कार्ड धारकों के साथ-साथ बिना आयुष्मान कार्ड वाले मरीजों को भी मिल सकेगा। आर्थिक रूप से संपन्न एवं जरूरतमंद दोनों वर्गों के मरीज इस शिविर से लाभ लेंगे।

उन्होंने बताया कि एक घुटने के प्रत्यारोपण पर न्यूनतम 1 लाख 50 हजार रुपये का खर्च आता है। इसके अलावा मरीजों के आने-जाने, जांच एवं डॉक्टर की फीस सहित औसतन 5 हजार रुपये तक का अतिरिक्त खर्च हो सकता है। इस तरह प्रति मरीज लगभग 1 लाख 55 हजार रुपये का खर्च अनुमानित है। इस आधार पर 174 मरीजों के इलाज में कुल 2 करोड़ 69 लाख 70 हजार रुपये की बचत का अनुमान बताया गया।

बिना आयुष्मान कार्ड वाले 38 मरीजों का खर्च भी उठाया

शिविर में पहुंचे 174 मरीजों में से लगभग 38 मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था। ऐसे जरूरतमंद मरीजों के इलाज का पूरा खर्च निमाड़ महासंघ एवं यूनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा संयुक्त रूप से उठाने की जानकारी दी गई। उनके निशुल्क ऑपरेशन करवाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

आधुनिक तकनीक से मरीज जी सकते हैं सामान्य जीवन

शिविर में देश के ख्याति प्राप्त घुटना प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद नेमा एवं रोबोटिक ज्वाइंट प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. के.के. नेमा ने मरीजों को आधुनिक चिकित्सा तकनीक की जानकारी दी।

चिकित्सकों ने बताया कि जानकारी के अभाव और विभिन्न भ्रांतियों के कारण कई मरीज घुटना प्रत्यारोपण कराने से डरते हैं। जबकि आधुनिक चिकित्सा तकनीक के माध्यम से ऑपरेशन के बाद मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। किसान अपने खेत में काम करने के साथ ही वाहन भी चला सकते हैं।

डॉ. प्रमोद नेमा के निशुल्क सेवा कार्यों की सराहना

कार्यक्रम में पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे ने डॉ. प्रमोद नेमा द्वारा किए जा रहे निशुल्क ऑपरेशन के सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि डॉ. नेमा अब तक लगभग 30 हजार निशुल्क ऑपरेशन कर चुके हैं। इसके लिए अस्पताल की ओर से निशुल्क यूनिट भी शुरू की गई है।

कोरोना काल में किए गए सेवा कार्यों को किया याद

मोघे ने निमाड़ महासंघ के कृष्णकांत रोकड़े द्वारा कोरोना महामारी के दौरान किए गए सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि उस कठिन समय में मरीजों को भोजन, दवाइयां और ऑक्सीजन उपलब्ध कराने जैसे मानवीय कार्य किए गए थे।

कार्यक्रम में इनकी रही सहभागिता

इस अवसर पर कांतिलाल पाटीदार, भगवान भाई जाट, नगर परिषद उपाध्यक्ष महेश आसवानी, देवेंद्र सुराना, प्रेम डोसी, कमल राठौर एवं ओमप्रकाश जाट उपस्थित रहे।

वहीं राकेश महामंत्री, ललित पाटीदार, गोविंद भाई पाटीदार, उद्योगपति राजेश सोलंकी, घनश्याम भाई गुलावड़ एवं धर्मेंद्र स्वामीनारायण ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री मनमीत कौर ने किया।

शेयर करें