बड़ी खबरें
Trending

कई पीढ़ियों से गांव में रह रहे परिवार आवासीय पट्टों से वंचित : भीलगांव के ग्रामीणों ने उठाई मांग

Vishal Choyal

2 weeks ago 272 views
भीलगांव के ग्रामीणों ने उठाई मांग

कसरावद/खरगोन। 4 नवंबर 2026। ग्राम भीलगांव, तहसील कसरावद के ग्रामीणों ने गांव को राजस्व अभिलेखों में आबादी क्षेत्र के रूप में दर्ज करने तथा वर्षों से निवासरत ग्रामीण परिवारों को आवासीय भूमि के पट्टे प्रदान करने की मांग को लेकर तहसीलदार कसरावद के नाम सामूहिक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उनके पूर्वज कई पीढ़ियों से भीलगांव में निवास करते आ रहे हैं और परिवारों की कई पीढ़ियां इसी गांव में रहकर अपना जीवन व्यतीत कर चुकी हैं।

आवासीय पट्टों से वंचित हैं भीलगांव के ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि उनकी कई पीढ़ियां गांव में निवास करती आ रही हैं, लेकिन पूर्वजों को शिक्षा एवं शासकीय प्रक्रियाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण गांव में स्थित मकानों या भूखंडों के आवासीय पट्टे नहीं बन सके। इसके चलते आज भी गांव के कई परिवार अपने आवासीय भूखंडों के पट्टों से वंचित हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। कई पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ भी मिल रहा है, लेकिन गांव का आबादी क्षेत्र में विधिवत दर्ज नहीं होना और आवासीय पट्टों का अभाव ग्रामीणों के लिए समस्या बना हुआ है।

आबादी क्षेत्र में शामिल करने की मांग

ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि ग्राम भीलगांव का नियमानुसार सर्वे और सत्यापन कराया जाए तथा गांव को राजस्व अभिलेखों में आबादी क्षेत्र के रूप में दर्ज किया जाए, ताकि पात्र ग्रामीणों को उनके मकान और भूखंडों के आवासीय पट्टे मिल सकें।

फोटो: आवासीय पट्टों की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने के बाद उपस्थित भीलगांव के ग्रामीण।

पट्टे मिलने से खुलेंगे आर्थिक उन्नति के अवसर

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में मकान और भूखंडों के पक्के पट्टे नहीं होने के कारण संपत्ति के आधार पर ऋण लेने सहित अन्य संबंधित कार्यों में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं, आवासीय पट्टे मिलने से संपत्ति संबंधी ऋण प्राप्त करने और अन्य जरूरी कार्यों में सुविधा होगी, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूत बनने के अवसर मिलेंगे।

ज्ञापन के दौरान सामाजिक बंधु और ग्रामीण रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान जयस कसरावद तहसील अध्यक्ष अरविंद भूरिया, ग्राम भीलगांव अध्यक्ष प्रवीण मोहिने, उपसरपंच कमलेश माथुर, विशाल गुंडिया, धर्मेंद्र भूरिया, विजय मेडा, अजय मोरे, धर्मेंद्र रावत, कृष्णा निगवाल, गजानंद खराड़े, गणेश माथुर एवं करण आड़तीया सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

वहीं, गांव के बुजुर्ग बसू बिलवाल, फथु नाथ एवं देवेसिंह बारिया तथा महिलाएं बुड़ी बाई, विद्या बाई, जानकी बाई, पारु बाई, मधुसूदन बाई एवं गजरी बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

यह मांग किसी एक व्यक्ति या परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव के आवासीय अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी है। उन्होंने प्रशासन से वर्षों पुरानी इस समस्या का शीघ्र निराकरण कर पात्र ग्रामीण परिवारों को आवासीय अधिकार दिलाने की मांग की।

शेयर करें