बड़ी खबरें
Trending

बिलकिसगंज में बिजली कटौती पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा : सीहोर-भोपाल मार्ग पर चक्काजाम

Vishal Choyal

1 month ago 194 views
सीहोर-भोपाल मार्ग पर चक्काजाम

सीहोर। 15 अक्टूबर 2026। जिले के बिलकिसगंज ग्राम के लोगों ने अघोषित बिजली कटौती के कारण बुधवार देर शाम को जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामवासियों ने सरपंच प्रतिनिधि राजेश जांगड़े के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बिलकिसगंज चौराहे पर सीहोर-भोपाल मार्ग पर चक्काजाम भी किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय बिजली कटौती की जाती है तथा इसकी पूर्व में कोई सूचना भी नहीं दी जाती है। इस अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम

विद्युत विभाग के सहायक यंत्री शिवराम मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर आश्वासन दिया कि बिजली कटौती नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

सरपंच प्रतिनिधि राजेश जांगड़े ने बिजली कटौती के संबंध में विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री से फोन पर चर्चा की। इस दौरान अधिकारी ने कहा कि बिजली कटौती ऊपर से हो रही है और यह उनके नियंत्रण में नहीं है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब अधीक्षण यंत्री से चक्काजाम करने की बात कही गई, तो उन्होंने भी चक्काजाम करने की बात कही। इससे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर विरोध प्रदर्शन करते हुए विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।

सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसान परेशान

किसानों ने कहा कि वर्तमान में फसलों की सिंचाई का समय है, लेकिन अघोषित बिजली कटौती के कारण उन्हें पूरे 10 घंटे बिजली नहीं मिल पा रही है। सिंचाई पूरी नहीं होने से फसलें प्रभावित हो रही हैं। जब बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की जाती है, तो लोड सेटिंग का बहाना बनाया जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बिजली के तार नीचे झूल रहे हैं। इसकी शिकायत विद्युत विभाग में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इन झूलते बिजली के तारों के कारण किसानों को करंट लगने का डर बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, इसके कारण मवेशी भी घायल हो चुके हैं। उन्होंने बिजली विभाग से तारों को व्यवस्थित करने की मांग की।

मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारी किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ऊर्जा मंत्री प्रभांशु सिंह तोमर तथा सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर से मांग की कि विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री को तत्काल पद से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि रात के समय अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं की गई और फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

वीडियो

शेयर करें