बड़ी खबरें
Trending

सड़क हादसे में घायलों की जान बचाने वाले राहवीरों को मिलेंगे ₹25 हजार : उज्जैन में 4 नागरिक सम्मानित

Vishal Choyal

2 weeks ago 203 views
उज्जैन में 4 नागरिक सम्मानित

उज्जैन। 3 नवंबर 2026। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द उपचार मिलना बेहद जरूरी होता है। ऐसे मामलों में समय की अहम भूमिका होती है, लेकिन कई बार पुलिस कार्रवाई के डर से आसपास मौजूद राहगीर घायल व्यक्ति की मदद करने से कतराते हैं। ऐसे में लोगों को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा 'राहवीर योजना' संचालित की जा रही है।

इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले राहवीरों को शासन की ओर से ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का प्रावधान है।

इसी क्रम में उज्जैन में चार नागरिकों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाया और उन्हें उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उज्जैन निवासी सुमित सेन ने चरक अस्पताल के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। वहीं, अंकित भार्गव ने गाड़ी अड्डा पर सड़क हादसे में घायल महिला की मदद की। राकेश नायक ने आगर रोड पर दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता की। इसके अलावा तालोद निवासी अनिल ने साडू माता मंदिर के पास उन्हेल रिंग रोड पर सड़क हादसे में घायल युवती को समय पर अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद की।

उज्जैन में सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वाले राहवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा।

इन सराहनीय कार्यों के लिए उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने चारों राहवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि सभी ने पुण्य और मानवता का कार्य किया है। सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए।

सड़क हादसे में घायलों की मदद करने पर मिलेगी ₹25 हजार की राशि

शासन का प्रयास है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद के लिए अधिक से अधिक राहगीर आगे आएं। इसी उद्देश्य से राहवीर योजना संचालित की गई है। योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के किसी भी जिले में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद करने वाले राहवीरों को ₹25 हजार की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का प्रावधान है।

शेयर करें