बड़ी खबरें
Trending

OTP और फर्जी लिंक से रहें सावधान : कसरावद कॉलेज में साइबर सुरक्षा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम

Vishal Choyal

1 month ago 199 views
कसरावद कॉलेज में साइबर सुरक्षा पर प्रशिक्षण कार्यक्रम

कसरावद/खरगोन। 8 अक्टूबर 2026। शासकीय महाविद्यालय कसरावद में नशा मुक्त भारत एवं साइबर सुरक्षा नागरिकता अभियान के तहत साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर कार्यालय, खरगोन के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश ठाकुर ने की।

कार्यक्रम में ई-गवर्नेंस सहायक प्रबंधक भारती सोलंकी ने विद्यार्थियों को इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल, ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल भुगतान का उपयोग बढ़ रहा है। ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि OTP, पासवर्ड, बैंक खाते या ATM से जुड़ी जानकारी और जरूरी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने चाहिए। इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मैसेज का जवाब देने या किसी अनजान कॉल पर निजी जानकारी देने से बचना चाहिए।

श्रीमती सोलंकी ने फिशिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, नकली सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल पेमेंट से जुड़ी धोखाधड़ी के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध होने की स्थिति में इसकी शिकायत किस तरह की जा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, Two-Factor Authentication चालू करने और सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग का ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही विद्यार्थियों से कहा कि वे खुद भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी सावधान करें।

कसरावद कॉलेज में साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी देते हुए वक्ता

प्राचार्य डॉ. राकेश ठाकुर ने कहा कि तकनीक आज जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है, लेकिन इसका इस्तेमाल सावधानी के साथ किया जाना चाहिए।

वहीं कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर मनोज भावै ने साइबर सुरक्षा को आज के समय की जरूरी नागरिक जागरूकता बताया।

प्रशासनिक अधिकारी डॉ. विजय सिंह मंडलोई ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसके प्रति सजग रहना चाहिए। जागरूकता के जरिए साइबर अपराध से काफी हद तक बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में डॉ. शोभाराम सोलंकी, डॉ. रश्मि चौहान, प्रोफेसर मनोज कछवाय, स्पोर्ट्स अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. दीपक राठौड़, डॉ. समीर खान, परमानंद बडुकिया और चंद्रकांत हिंगोले सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सेवाओं के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।

शेयर करें