खरगोन के किसानों के लिए राहत! : बलवाड़ी मंडी में 23 अक्टूबर से शुरू होगी लाल मिर्च की खरीदी-बिक्री
Vishal Choyal
बलवाड़ी/खरगोन। 18 अक्टूबर 2026। क्षेत्र के लाल मिर्च उत्पादक किसानों की समस्याओं को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि कृषि उपज मंडी समिति खरगोन के अतिरिक्त मंडी प्रांगण बलवाड़ी में लाल मिर्च की खरीदी-बिक्री का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे किसानों की आवाजाही संबंधी समस्याएं दूर होंगी तथा समय, ईंधन और अन्य संबंधित समस्याओं में भी राहत मिलेगी।
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए 23 अक्टूबर से किसान अपनी लाल मिर्च की फसल बलवाड़ी मंडी प्रांगण में बिक्री के लिए ला सकेंगे। लाल मिर्च कारोबारियों द्वारा प्रतिदिन नीलामी के माध्यम से फसल की खरीदी-बिक्री की जाएगी, जिससे किसानों को अपने क्षेत्र में ही फसल का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने 16 अक्टूबर को बलवाड़ी मंडी प्रांगण का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र के लाल मिर्च उत्पादक किसानों की सुविधाओं को देखते हुए उन्होंने मंडी में लाल मिर्च का कारोबार शुरू करने की पहल की।
स्थानीय मंडी में फसल बिक्री से किसानों को मिलेगी राहत
उन्होंने अनाज मंडी प्रांगण में स्थित व्यापारी भवन में अनाज, लाल मिर्च एवं कपास के व्यापारियों की बैठक भी ली। बैठक में उन्होंने अनाज और कपास के व्यापारियों को लाल मिर्च का व्यवसाय भी प्रारंभ करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लाल मिर्च का व्यवसाय शुरू होने से किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अन्य क्षेत्रों की मंडियों और दूर की मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा होगी।
उन्होंने मंडी सचिव को निर्देशित करते हुए कहा कि स्थानीय कपास, लाल मिर्च एवं अनाज व्यापारियों के साथ बाहर के व्यापारियों को भी खरीदी प्रक्रिया में शामिल किया जाए, जिससे नीलामी प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा बढ़े और किसानों को अपनी फसलों का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।

किसानों के लिए सुलभ होगी फसल की बिक्री
मंडी समिति खरगोन ने लाल मिर्च उत्पादक किसानों से कहा है कि 23 अक्टूबर से लाल मिर्च की बिक्री प्रक्रिया शुरू होने के बाद वे प्रतिदिन अपनी फसल कृषि उपज मंडी समिति खरगोन के अतिरिक्त मंडी प्रांगण बलवाड़ी में बेचने के लिए लेकर आएं।
यहां प्रतिदिन नीलामी के माध्यम से किसान अपनी फसल का उचित मूल्य प्राप्त कर सकेंगे। इससे क्षेत्र के किसानों को आवाजाही संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
इस बैठक के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सत्येंद्र बैरवा, मंडी सचिव शर्मिला निनामा, कैलाश अग्रवाल, कल्याण अग्रवाल, राकेश जैन, बृजमोहन अग्रवाल, राकेश गोयल, आदित्य पाटीदार सहित लाल मिर्च के व्यापारी उपस्थित रहे।
फोटो साभार: जनसंपर्क कार्यालय, खरगोन
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट