महेश्वर CHC में प्रसव के दौरान नवजात की मौत : परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
Vishal Choyal
महेश्वर। 30 अक्टूबर 2026। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेश्वर में प्रसव के दौरान नवजात की मौत का मामला सामने आया है। इसके बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त शिकायत आवेदन के अनुसार, महेश्वर के वार्ड क्रमांक 11, सहस्त्रार्जुन मार्ग निवासी इरशाद पिता इशाक कुरैशी ने बताया कि उनकी पत्नी रेहना कुरैशी को 23 अक्टूबर को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेश्वर में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, उस समय ड्यूटी डॉक्टर के रूप में डॉ. वंदना प्रजापत उपस्थित थीं और उनकी देखरेख में इलाज चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि प्रसव का समय पूरा हो चुका था। भर्ती के समय ड्यूटी डॉक्टर डॉ. वंदना प्रजापत ने आधे घंटे में डिलीवरी होने की बात कही थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी प्रसव नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, प्रसूता ने दर्द नहीं होने की बात भी कही थी। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर से अन्य अस्पताल में रेफर करने या ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराने की बात कही, लेकिन उनके अनुसार इस पर ध्यान नहीं दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों द्वारा लगभग दो दिनों तक सामान्य प्रसव कराने के प्रयास किए गए। दूसरे दिन डिलीवरी से करीब 20 मिनट पहले डॉक्टर ने बच्चे की स्थिति खराब होने और उसकी जान को खतरा होने की बात परिजनों को बताई। इसके बाद 24 अक्टूबर को शाम करीब 5:55 बजे प्रसव हुआ, लेकिन नवजात मृत अवस्था में पैदा हुआ।
घटना के बाद परिजनों ने सवाल उठाए कि जब बच्चे की स्थिति गंभीर थी, तो समय रहते दूसरे अस्पताल में रेफर क्यों नहीं किया गया? उचित चिकित्सकीय निर्णय क्यों नहीं लिया गया? साथ ही, क्या इस पूरे मामले में निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल का पालन किया गया?

परिजनों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। प्रसव से संबंधित संपूर्ण मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की भूमिका की जांच की जाए। साथ ही, यदि किसी की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन, थाना प्रभारी, मुख्यमंत्री एवं खरगोन कलेक्टर को आवेदन भेजा है।
परिवार के इस दुखद घटनाक्रम ने स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सकीय जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मामले की जांच किस तरह आगे बढ़ती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
फिटल स्ट्रेस का केस : डॉ. अतुल गौर
इस संबंध में महेश्वर बीएमओ डॉ. अतुल गौर ने बताया कि उन्होंने ड्यूटी डॉक्टरों से मामले को लेकर चर्चा की है। डॉक्टरों ने इसे फिटल स्ट्रेस (Fetal Stress) का केस बताया है। मामले की जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन द्वारा एक टीम का गठन किया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जवाबदेही तय की जाएगी।
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट