बड़ी खबरें
Trending

सेवा और सहयोग की मिसाल बनीं NCC गर्ल्स कैडेट्स : बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

Vishal Choyal

2 weeks ago 377 views
बच्चों को बांटी शैक्षणिक सामग्री

सीहोर। 1 नवंबर 2026। सेवा और सहयोग की भावना से शारदा विद्या मंदिर सीहोर की 4 एमपी एनसीसी गर्ल्स बटालियन भोपाल की कैडेट्स ने शासकीय स्कूल मूण्डला खुर्द पहुंचकर बच्चों को शिक्षा से संबंधित सामग्री एवं अन्य उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया। इस दौरान बच्चों को स्कूल बैग, कपड़े, पानी की बोतलें, ज्योमेट्री बॉक्स, स्वेटर, खिलौने, किताबें, कॉपियां सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई।

इस दौरान सभी गर्ल्स कैडेट्स ने बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और खेलकूद के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मार्गदर्शन दिया। साथ ही नियमित रूप से स्कूल आने और प्रतिदिन अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया। कैडेट्स से मिलकर बच्चे भी काफी खुश नजर आए।

सोनम सेन के नेतृत्व में संचालित हुआ अभियान

गर्ल्स कैडेट्स द्वारा चलाए जा रहे इस सामाजिक सेवा अभियान का नेतृत्व विद्यालय की द्वितीय एनसीसी ऑफिसर सोनम सेन ने किया।

एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स मुल्ला खुर्द के शासकीय स्कूल में बच्चों को कपड़े वितरित करते हुए।

स्कूल प्रबंधन ने किया अभियान का उत्साहवर्धन

इस सेवा कार्य की शारदा विद्या मंदिर की प्राचार्य अनीता उपाध्याय, स्कूल एडमिन अमित गांधी एवं उपप्राचार्य धर्मेंद्र कुशवाहा ने सराहना की तथा कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों द्वारा इस प्रकार के सामाजिक अभियान संचालित करने से उनमें सहयोग, सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता करने और सामाजिक जीवन में सकारात्मक भूमिका निभाने की भावना भी विकसित होती है।

इस अभियान में विशेष रूप से शासकीय स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक योगेश शर्मा एवं नगर पालिका कार्यकर्ता राहुल ठाकुर उपस्थित रहे।

इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स अनिता कुलश्रेष्ठ, गौरी गौतम, राजश्री कौशल, नैंसी राठौर एवं दृष्टि त्यागी ने सहभागिता की।

शेयर करें