बड़ी खबरें
Trending

सीवन नदी को जलकुंभी से बचाने की पहल : ‘जलकुंभी निकालो, सीवन बचाओ’ अभियान शुरू

Vishal Choyal

1 month ago 361 views
‘जलकुंभी निकालो, सीवन बचाओ’ अभियान शुरू

सीहोर। 9 अक्टूबर 2026। मां सीवन नदी को जलकुंभी से पूर्ण रूप से मुक्त करने के उद्देश्य से सीवन पुत्र टीम ने ‘जलकुंभी निकालो, सीवन बचाओ’ अभियान की शुरुआत की है। अभियान की सफलता के लिए टीम के सदस्यों ने प्रसिद्ध श्री चिंतामन सिद्ध गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपा। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने प्रार्थना की कि सीवन नदी वर्षभर स्वच्छ जल से भरी रहे।

समय रहते जलकुंभी हटाना जरूरी

सीवन पुत्र टीम के प्रदीप चावड़ा ने बताया कि वर्तमान में नदी में पानी मौजूद है और अभी से जलकुंभी दिखाई देने लगी है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो गर्मी के समय जलकुंभी अपनी जड़ बनाकर तेजी से फैल सकती है। कई स्थानों पर देखा गया है कि जलकुंभी नदी की सतह को पूरी तरह ढक लेती है। इससे पशु-पक्षियों सहित अन्य जीव-जंतुओं के लिए पानी के संकट की स्थिति निर्मित हो जाती है।

उन्होंने बताया कि जलकुंभी के अत्यधिक फैलाव का असर नलकूप, बोरवेल और अन्य जल स्रोतों पर भी पड़ता है। इसके अलावा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल उपलब्ध कराने में भी समस्या उत्पन्न होती है।

पिछले वर्ष भी चलाया था अभियान

प्रदीप चावड़ा ने बताया कि पिछले वर्ष भी सीवन पुत्र टीम द्वारा जलकुंभी हटाने का अभियान चलाया गया था, जिसके अंतर्गत 3 जलाशयों की सफाई की गई थी। आगे इसी तरह की स्थिति न बने, इसके लिए ‘जलकुंभी निकालो, सीवन बचाओ’ अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य नदी और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखना है।

गणेश मंदिर संस्थापक ने की सराहना

अभियान की सफलता के लिए प्रार्थना पत्र श्री चिंतामन सिद्ध गणेश मंदिर के मुख्य संस्थापक हेमंत वल्लभ दुबे को सौंपा गया। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए टीम को बधाई दी और पहल की सराहना की।

वहीं गोविंद नेत्रालय के डायरेक्टर डॉ. जितेंद्र मंधानी एवं श्रीमती मंधानी ने भी सीवन पुत्र टीम के इस अभियान की सराहना की।

सदस्य के जन्मदिन पर किया पौधरोपण

बुधवार को सीवन पुत्र टीम के सदस्य योगेंद्र राय के जन्मदिन के उपलक्ष्य में श्री चिंतामन सिद्ध गणेश मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

इस अवसर पर प्रदीप साहू, अमित खेड़ले, मुकेश राय, प्रदीप चावड़ा, अशोक नामदेव, राहुल ठाकुर, कमल राठौर, धर्मेंद्र खत्री, कनीराम मालवीय, राधेश्याम मकवाना, अभी गुप्ता, संतोष मेवाड़ा, योगेंद्र राय, प्रकाश यादव, वैभव राठौर, सुरेश भगत एवं राहुल राय उपस्थित रहे।

शेयर करें