बड़ी खबरें
Trending

सीहोर में RSS का पथ संचलन : स्वयंसेवकों ने दिया राष्ट्रसेवा और अनुशासन का संदेश

Vishal Choyal

1 month ago 387 views
स्वयंसेवकों ने दिया राष्ट्रसेवा और अनुशासन का संदेश

सीहोर। 13 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा रविवार को सीहोर की झूलेलाल बस्ती में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ गीता मानस भवन से हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा शस्त्र पूजन के साथ की गई। इसके बाद स्वयंसेवक गणवेश में अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए बस्ती की गलियों से निकले। इस दौरान नगरवासियों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम में नगर संघचालक (सीहोर) भारत सोनी, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं समाजसेवी शंभूदयाल सक्सेना तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक (सीहोर) एवं मुख्य वक्ता आशीष उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता आशीष ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक हैं। वे राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व मानते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य करते हैं। राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक एकता और अनुशासन स्वयंसेवकों के जीवन के महत्वपूर्ण अंग हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पंच परिवर्तन के महत्व को समझना और उसे अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाना आवश्यक है। पंच परिवर्तन के माध्यम से सामाजिक समरसता बढ़ाने, परिवार में संस्कारों को सुदृढ़ करने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वदेशी भाव को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य किया जा सकता है।

प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए नागरिक बोध का परिचय देना चाहिए और ऐसे सकारात्मक बदलाव अपनाने चाहिए, जिनसे समाज एवं राष्ट्र को लाभ मिले।

आशीष ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग, अनुशासन और सेवा की भावना को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जब व्यक्ति अपने आचरण और व्यवहार में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता है, तब समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होता है।

पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए एकता, संगठन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा पंच परिवर्तन के विचारों को जनजीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

शेयर करें