बड़ी खबरें
Trending

गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व : जानिए क्यों की जाती है गोवर्धन पर्वत की पूजा

Vishal Choyal

1 week ago 599 views
जानिए क्यों की जाती है गोवर्धन पर्वत की पूजा

10 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा या अन्नकूट पर्व परंपरा के अनुसार मनाया जाता है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा, भक्ति और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

इस दिन प्रत्येक घर में महिलाएं शुद्ध गोबर से गोवर्धन जी की आकृतियां बनाती हैं तथा पूर्ण विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना करती हैं। भगवान को भोग अर्पित किया जाता है और परिवार के सभी सदस्य गोवर्धन जी की परिक्रमा करते हैं।

गोवर्धन पूजा मनाने का महत्व

पौराणिक कथाओं के अनुसार, पहले ब्रजवासी इंद्र देव की पूजा किया करते थे। भगवान श्रीकृष्ण ने समस्त ब्रजवासियों को समझाया कि उन्हें इंद्र देव के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि गोवर्धन पर्वत गायों के लिए चारा और जीवन के लिए कई मूलभूत संसाधन उपलब्ध कराता है।

इसके बाद ब्रजवासियों ने गोवर्धन पर्वत की पूजा की, जिससे इंद्र देव क्रोधित हो गए। उन्होंने ब्रज में मूसलाधार बारिश और प्रचंड तूफान लाकर ब्रजवासियों को संकट में डाल दिया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र देव के अहंकार को समाप्त करने और बारिश से ब्रजवासियों सहित पशुओं की रक्षा करने के लिए अपने बाएं हाथ की छोटी उंगली (कनिष्ठ उंगली) पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर सजे हुए बैलों के साथ खड़े ग्रामीणजन ।

इस दिन सुबह से ही ग्रामीणों द्वारा गाय, भैंस, बैल आदि पशुओं का शृंगार किया जाता है और उन्हें गांव में भ्रमण कराया जाता है। गांव के लोग अपने-अपने पशुओं को एकत्रित कर उनकी पूजा-अर्चना भी करते हैं।

प्राकृतिक संसाधनों के प्रति सम्मान का दिवस

गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्राकृतिक संसाधनों, प्रकृति, वन, भूमि और पशुओं, विशेषकर गायों के प्रति सम्मान करना सिखाता है। ये सभी हमारे जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं का आधार हैं।

प्राकृतिक संसाधनों का हमारे दैनिक जीवन की आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान है। इन सभी प्राकृतिक संसाधनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से यह परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है।

शेयर करें