बड़ी खबरें
Trending

तीन दिन तक हॉकी का रोमांच : फाइनल में अलीगढ़ ने शाजापुर को पछाड़कर जीता खिताब!

Vishal Choyal

3 hours ago 30 views
फाइनल में अलीगढ़ ने शाजापुर को पछाड़कर जीता खिताब!

सीहोर। 19 नवंबर 2026। शहर के दशहरा मैदान मंडी में आयोजित तीन दिवसीय महिला हॉकी विधायक कप टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ उत्तरप्रदेश, हरियाणा और राजस्थान की महिला हॉकी टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वहीं, बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और नगरवासी मुकाबले देखने पहुंचे।

फाइनल में अलीगढ़ और शाजापुर के बीच रोमांचक मुकाबला

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) और शाजापुर की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मुकाबले में अलीगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शाजापुर को 1-0 से पराजित किया और विधायक कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

अलीगढ़ प्रथम, शाजापुर दूसरे स्थान पर

टूर्नामेंट में अलीगढ़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शाजापुर की टीम उपविजेता रही। वहीं, विदिशा और सीहोर की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं जिला हॉकी संघ के संरक्षक अखिलेश राय ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रतियोगिता में शामिल प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। निर्मयम डायग्नोस्टिक्स के डॉ. आशुतोष दीक्षित का भी स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया।

सीहोर महिला हॉकी विधायक कप टूर्नामेंट में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते अतिथि अखिलेश राय।

महिला खिलाड़ियों को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच

मुख्य अतिथि अखिलेश राय ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला हॉकी संघ की सचिव अफ्शा अहमद और हॉकी कोच रसूल सिद्दीकी सहित आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना की। साथ ही विभिन्न जिलों और राज्यों से आई टीमों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ियों ने विधायक सुदेश राय को उनके जन्मदिन पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

समापन समारोह में जुटे खेलप्रेमी और गणमान्यजन

समापन समारोह की अध्यक्षता जिला हॉकी संघ सीहोर की सचिव अफ्शा अहमद ने की। कार्यक्रम का संचालन अक्षय अहमद ने किया, जबकि आभार रसूल सिद्दीकी ने व्यक्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में हॉकी संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, रेफरियों और आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी रूबिका दीवान, हॉकी खिलाड़ी डॉ. अनीस खान, मंडी थाना प्रभारी अर्चना, विदिशा से सतीश रैकवार, आमिर खान, शाजापुर एवं भोपाल के कोच, भोपाल के कोच देवेंद्र प्रताप, रेफरी शादाब खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खेल अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

शेयर करें