बड़ी खबरें
Trending

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पहल : श्रद्धा सभा में सादगी और सुधार पर जोर

Vishal Choyal

15 hours ago 69 views
श्रद्धा सभा में सादगी और सुधार पर जोर

थरवर/बड़वाह। 2 अक्टूबर 2026। अंबेडकर कॉलोनी में वरिष्ठ समाजसेवी स्व. रमेश खांडेकर की श्रद्धा सभा एवं बौद्धिक पगड़ी रस्म का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों ने मौन रखकर स्व. खांडेकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बुद्ध वंदना एवं त्रिशरण पाठ के साथ सामाजिक विषयों पर बौद्धिक विचार रखे गए।

कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी पुष्पेंद्र रावल ने किया। उन्होंने उपस्थित समाजजनों को सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और वैज्ञानिक सोच को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बलाई समाज समिति अध्यक्ष मोहन अटूदे ने कहा कि समाज को अंधविश्वास और पाखंड से दूर रहकर अंबेडकरवादी एवं विज्ञानवादी विचारों को अपनाना चाहिए। उन्होंने सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च को रोकने, सादगी अपनाने और आर्थिक बचत की दिशा में कदम उठाने की बात कही।

पूर्व बीआरसी महेश कनासे ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं अजय सिटोले ने मृत्यु भोज को सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित करने तथा विवाह समारोह में पंच-पंचायती रस्म के रूप में अधिकतम 2100 रुपये तक लेने का सुझाव दिया।

सरपंच जितेंद्र सिटोले ने कहा कि शोक कार्यक्रमों में बर्तन-पात्र भेंट करने के स्थान पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का छायाचित्र, संविधान एवं प्रेरणादायक साहित्य भेंट करने की परंपरा विकसित की जानी चाहिए।

अजाक्स संघ के जिला सचिव डॉ. जितेंद्र सैते ने सामाजिक आयोजनों में होने वाले अनावश्यक खर्च को रोकने की बात कही। उन्होंने सहभोज में सादा भोजन रखने का सुझाव दिया।

समाजसेवी अहिल्या भालेराव ने कहा कि समाज सुधार में शिक्षित और नौकरीपेशा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी समाजजनों से एकजुट होकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज के नवनिर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर खांडेकर परिवार की ओर से उपस्थित मेहमानों को डॉ. अंबेडकर के छायाचित्र भेंट किए गए। परिवार द्वारा लहान प्रथा, पेरावणी प्रथा एवं टीका प्रथा को बंद करने की पहल भी की गई। समाजजनों ने इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में कमल खांडेकर एवं रविकांत खांडेकर ने श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

शेयर करें