बड़ी खबरें
Trending

वरिष्ठ पेंशनरों को अतिरिक्त पेंशन का लाभ देने की मांग : मुख्य सचिव को लिखा पत्र

Vishal Choyal

4 weeks ago 89 views
मुख्य सचिव को लिखा पत्र

सीहोर। 19 अक्टूबर 2026। प्रमुख पेंशन संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष के.एल. बैरागी ने मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव को 17 अक्टूबर को पत्र लिखकर 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पेंशनरों को आयु पूर्ण होने के प्रथम माह से अतिरिक्त पेंशन वृद्धि का लाभ देने के संबंध में आदेश जारी करने की मांग की है।

बैरागी ने पत्र में उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में दायर विशेष अनुमति याचिका (SLP) को सर्वोच्च न्यायालय ने 20 मार्च 2025 को निरस्त कर दिया था। यह मामला जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर उच्च न्यायालयों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ से संबंधित प्रकरणों से जुड़ा था। इसके बावजूद वरिष्ठ पेंशनरों को उच्च न्यायालय के निर्णय के अनुसार अतिरिक्त पेंशन वृद्धि का लाभ देने के आदेश अब तक जारी नहीं किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय के बावजूद एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने पर भी शासन की ओर से भुगतान संबंधी आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों को उनके हक का लाभ मिलने में विलंब हो रहा है

। उन्होंने इसे वरिष्ठ पेंशनरों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए जल्द कार्रवाई की आवश्यकता जताई।

बैरागी ने शासन से मांग की कि 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले वरिष्ठ पेंशनरों को आयु पूर्ण होने के प्रथम माह से अतिरिक्त पेंशन वृद्धि का लाभ देने के लिए शीघ्र आदेश जारी किए जाएं, ताकि पात्र पेंशनरों को न्यायालय के निर्णय के अनुरूप लाभ मिल सके।

उन्होंने मुख्य सचिव से आग्रह किया कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में जल्द निर्णय लिया जाए और अतिरिक्त पेंशन वृद्धि के भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

शेयर करें