बड़ी खबरें
Trending

सीहोर की सड़कों को लेकर : नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर के कदम की राजीव गुजराती ने की सराहना

Vishal Choyal

12 hours ago 45 views
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर के कदम की राजीव गुजराती ने की सराहना

सीहोर। 2 अक्टूबर 2026। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने सीहोर शहर की खराब सड़कों को लेकर प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक और सांसद पर निशाना साधा है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के उस कदम का समर्थन किया, जिसमें वे दो दिन पहले लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचे थे और मंडी क्षेत्र की खराब सड़क की समस्या को सामने रखा था।

राजीव गुजराती ने कहा कि नपाध्यक्ष ने देर से ही सही, लेकिन अपनी ही सरकार, विधायक और सांसद के सामने शहर की सड़कों की वास्तविक स्थिति रखी है। उन्होंने इसके लिए नपाध्यक्ष को बधाई दी।

गुजराती ने आरोप लगाया कि सीहोर शहर की कई सड़कों की हालत खराब है। श्यामपुर रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क निर्माण के छह महीने भी नहीं टिक सकी। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि नपाध्यक्ष केवल 4 किलोमीटर सड़क की बात कर रहे हैं, जबकि बाकी 24 किलोमीटर सड़क का क्या होगा। जनता लंबे समय से फोरलेन सड़क की मांग कर रही है, लेकिन जब तक यह काम पूरा नहीं होता, तब तक खराब सड़क से परेशान लोगों को राहत मिलना जरूरी है।

नपा और एमपीआरडीसी अपने हिस्से की सड़कें ठीक करें

राजीव गुजराती ने कहा कि नगरपालिका को अपने हिस्से की सड़कों की तत्काल मरम्मत करानी चाहिए। वहीं एमपीआरडीसी को श्यामपुर सड़क के अपने हिस्से को ठीक कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड से फंदा तक करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

हैंडओवर के बाद कई सड़कों की हालत खराब

गुजराती ने कहा कि शहर की 6 प्रमुख सड़कें पहले लोक निर्माण विभाग से नगरपालिका को हैंडओवर की गई थीं। इसके बाद देखरेख के अभाव में इनमें से कई सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। सड़कों पर गड्ढे और धूल के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि करीब दो महीने पहले कोतवाली ढाल से लीसा टॉकीज तक और एमपीबी चौराहे पर डामरीकरण का काम हुआ था, लेकिन कुछ समय बाद ही सड़क उखड़ने लगी। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

कांग्रेस ने सड़क के मुद्दे पर किए आंदोलन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार शहर की खराब सड़कों का मुद्दा उठा रही है। श्यामपुर रोड की स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली और ठेकेदार व लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। बिजौरी के टूटे पुल को लेकर भी प्रदर्शन किया गया। वहीं कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने सड़क के मुद्दे पर मुंडन कराकर विरोध जताया था।

कार्रवाई केवल बयान तक सीमित न रहे

राजीव गुजराती ने कहा कि नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने मंडी क्षेत्र और शहर की सड़कों की समस्या अधिकारियों के सामने रखी है। अब जरूरत है कि इस मुद्दे पर आगे कार्रवाई भी हो। उन्होंने विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की समस्या पर ध्यान देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में यदि कहीं लापरवाही या गुणवत्ता में कमी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर और टिकाऊ सड़कें मिल सकें।

शेयर करें