बड़ी खबरें
Trending

खरगोन में शरद पूर्णिमा पर विशेष आयोजन : खीर वितरण के साथ दीप यज्ञ का हुआ आयोजन

Vishal Choyal

3 weeks ago 143 views
खीर वितरण के साथ दीप यज्ञ का हुआ आयोजन

खरगोन। 27 अक्टूबर 2026। गायत्री शक्तिपीठ पर शरद पूर्णिमा का विशेष पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। गायत्री परिवार से जुड़े सदस्यों ने इस अवसर पर लगभग 1,000 श्रद्धालुओं के लिए खीर तैयार की। विशेष रूप से दमा और श्वास रोगियों के लिए औषधीय युक्त खीर तैयार कर उसका वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष आशुतोष पुरोहित, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. संतोष मौर्य, डॉ. सुनील पाटीदार और डॉ. सुरेश सहित शांतिकुंज के प्रतिनिधि एवं मुख्य वक्ता डॉ. सोनू गुर्जर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गायत्री परिवार खरगोन के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी लक्ष्मण पटेल ने की।

दीप यज्ञ में श्रद्धालुओं ने की सहभागिता

शरद पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री परिवार की बहनों द्वारा दीप यज्ञ का आयोजन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने चंद्र ध्यान साधना में सहभागिता की और सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक शांति तथा सकारात्मक जीवन का संदेश ग्रहण किया। मुख्य अतिथि आशुतोष पुरोहित और उनकी पत्नी सीमा पुरोहित ने भी पूजा-अर्चना की।

परिवार निर्माण और सकारात्मक विचारों को जीवन में उतारने का संदेश

कार्यक्रम में पधारे शांतिकुंज के प्रतिनिधि डॉ. सोनू गुर्जर ने श्रद्धालुओं को परिवार निर्माण, मानव जीवनशैली और ऋषि परंपरा के महत्व के बारे में जानकारी दी।

गायत्री परिवार के सदस्य शरद पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के लिए खीर तैयार करते हुए, खरगोन।

गायत्री परिवार के सौरभ मौर्य ने युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के सकारात्मक विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।

बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ प्रज्ञा गीत की प्रस्तुति से हुआ। यह प्रस्तुति कुमारी देवयानी चौहान, यशस्वी चौहान और धर्मेंद्र भैया ने दी। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गरबा प्रस्तुतियां भी दीं।

स्वच्छता अभियान में भाग लेने वाले युवाओं का सम्मान

इस अवसर पर आदर्श ग्राम देवग्राम, गंधावड़ के युवाओं को अपने गांव में स्वच्छता अभियान में योगदान देने के लिए नवसृजन सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्चना चांदोरे और प्रवर चांदोरे ने किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में गायत्री परिवार खरगोन के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी लक्ष्मण पटेल ने स्वागत भाषण दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

शेयर करें